बिलासपुर जिले की ऐतिहासिक,सांस्कृतिक और पारंपरिक पहचान माने जाने वाले राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला 2026 का आयोजन इस वर्ष 17 मार्च से 23 मार्च तक किया जाएगा। मेले के सुव्यवस्थित, सफल और भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में मेले की पहली प्रारंभिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि नलवाड़ी मेला जिला बिलासपुर का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित मेला है, जिसकी पहचान प्रदेश ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर तक है। ऐसे में इसके आयोजन में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस वर्ष मेले को पिछले वर्षों की तुलना में अधिक आकर्षक, भव्य और जनोपयोगी बनाने के लिए पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। उपायुक्त ने मेले के आयोजन को सफल बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद प्रतियोगिताओं, पशु मेले, प्रदर्शनी, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा, विद्युत एवं जल आपूर्ति सहित सभी व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों के गठन के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर समितियों का गठन सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद शीघ्र ही एक समीक्षा बैठक आयोजित कर तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। बैठक में मेले को और अधिक आकर्षक एवं जनसरोकार से जोड़ने के लिए अधिकारियों से सुझाव आमंत्रित किए गए। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी आगामी बैठक में ठोस, व्यवहारिक और नवाचारपूर्ण सुझावों के साथ उपस्थित हों, ताकि नलवाड़ी मेले को नई पहचान दी जा सके। उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ कुश्ती प्रतियोगिता, राज्य स्तरीय एवं जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।