उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ नयना देवी जी में श्रद्धालुओं के आवागमन से रौनक लौट आई है। पहले शारदीय नवरात्र पर सोमवार को सैकड़ों श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचे। पंजाब में बाढ़ और प्रदेश में आई आपदा के चलते करीब दो माह बहुत कम श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंच रहे थे। नवरात्र पर अब श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है, जिससे स्थानीय दुकानदारों ने भी राहत की सांस ली। प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा, यूपी, बिहार और दिल्ली से श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं।