पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया था। तापमान लगातार 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा था। स्कूली बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा था। हालात ऐसे थे कि लोग घरों से निकलते समय सिर को ढककर और जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे थे। इसी बीच गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और करीब 4:30 बजे आसमान में बादल छा गए। कुछ ही देर में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के बाद तापमान गिरकर करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सड़कों पर भी लोगों की आवाजाही बढ़ गई और बच्चों ने भी बारिश का आनंद लिया। कई दिनों से पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी के बाद आई इस बारिश ने न केवल मौसम को ठंडा किया, बल्कि लोगों के चेहरे पर भी मुस्कान ला दी।