शहर में पिछले छह दिनों से सफाई कर्मचारी हड़ताल पर बैठे हैं, जिससे सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सड़कों, गलियों और डंपिंग प्वाइंट्स पर कचरे के ढेर लग गए हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। यूनियन के प्रधान पपला ने बताया कि वे अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले छह दिनों से हड़ताल कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल हड़ताल को 7 मई तक दो दिन के लिए और बढ़ाया गया है। यदि मांगें नहीं मानी गईं तो इसे अनिश्चितकालीन किया जा सकता है। हड़ताल के चलते शहर में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। शहर के 100 के करीब डंपिंग प्वाइंट्स पर कचरे का अंबार लग गया है। कॉलोनी समेत कई क्षेत्रों में कचरे के ढेर साफ दिखाई दे रहे हैं। घरों से पिछले दो दिनों से कचरा उठान न होने के कारण लोगों की समस्याएं और भी बढ़ गई हैं। दुर्गंध और गंदगी के चलते बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ने लगा है।