चरखी दादरी कम किराए में सभी सुविधाओं के साथ सफर करवाने वाली सवारी रेल गाड़ियां रेलवे मंडल को आय देने के मामले में अच्छा खासा स्रोत बनी हुई है। दादरी रेलवे स्टेशन पर प्रति दिन 32 पैसेंजर व एक्प्रेस सवारी गाडियों का ठहराव होता है। ऐसे में स्थानीय रेलवे स्टेशन ने पिछले सात माह में 25,63,330 यात्रियों को सफर करवाने के बाद 2,43,18,218 रुपये का राजस्व देने में सफलता पाई है। रेलवे बिकानेर मंडल यात्रियों को सुविधा देने के साथ सुरक्षा के पैमाने पर भी खरा उतर रहा है। त्यौहारी सीजन के साथ ही रेल में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में भी काफी इजाफा देखने को मिला है। बता दें पहले दिवाली और छठ पूजा के लिए जाने वाले यात्री 6 माह पहले ही अपने टिकट की बुकिंग करवाना आरंभ कर देते हैं। ताकि त्यौहार मनाने के लिए समय पर घर पहुंचा जा सके। इसके लिए 8,352 यात्रियों ने अपनी सीट रिजर्वेशन करवाई गई थी। शहर के रेलवे स्टेशन से सबसे अधिक 1453 रिजर्वेशन जून माह में करवाई गई। जिले के रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन 5 से 6 हजार यात्री सफर करते हैं। लोकल ट्रेनों के साथ 10 स्पेशल साप्ताहिक गाड़ियों का भी ठहराव होता है।