सोनीपत। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल के सरस्वती लाइब्रेरी बिल्डिंग (एसएलबी) में मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से परेशान मानविकी विभाग के विद्यार्थियों ने वीरवार को कुलपति कार्यालय के सामने धरना दिया। विद्यार्थियों ने कक्षाओं में अत्यधिक उमस, खराब वेंटिलेशन और एसी डक्ट सिस्टम के ठीक से काम नहीं करने के साथ इंटरनेट सेवा और सीलिंग की समस्या भी उठाई। विद्यार्थियों का कहना था कि वह कई बार विश्वविद्यालय के अधिकारियों के समक्ष समस्याएं रख चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं होने पर उन्हें धरने का रास्ता अपनाना पड़ा। विद्यार्थियों के अनुसार कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं होने और एसी डक्ट व्यवस्था में खराबी के कारण गर्मी व नमी बनी रहती है। इससे लंबे समय तक कक्षा में बैठकर पढ़ाई करना मुश्किल हो जाता है। उमस भरे मौसम में परेशानी और बढ़ जाती है। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से एसी डक्ट की तकनीकी जांच कराने, वेंटिलेशन व्यवस्था सुधारने और भवन में नमी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। धरने के बाद कुलपति पहुंचे एसएलबी भवन विद्यार्थियों के प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद कुलपति श्रीप्रकाश सिंह स्वयं एसएलबी भवन पहुंचे और मौके पर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर भवन की व्यवस्थाओं की स्थिति समझी। निरीक्षण के दौरान एक कक्षा में फॉल्स सीलिंग का बड़ा हिस्सा गिरा हुआ भी मिला। विद्यार्थियों ने बताया कि भवन में एसी और वेंटिलेशन के अलावा इंटरनेट सेवा तथा छत और सीलिंग से जुड़ी समस्याएं भी बनी हुई हैं। कुलपति ने संबंधित अधिकारियों को एसी एवं वेंटिलेशन व्यवस्था को दुरुस्त करने, क्षतिग्रस्त सीलिंग की मरम्मत कराने और इंटरनेट सेवा को सुचारु करने के निर्देश दिए। बार-बार शिकायत के बाद धरने पर बैठे विद्यार्थी विद्यार्थियों ने कहा कि उनका उद्देश्य टकराव करना नहीं, बल्कि कक्षाओं में बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित कराना है। उनका कहना था कि समस्याओं को पहले भी संबंधित अधिकारियों के सामने रखा गया था, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण उन्हें विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। -भवन निर्माण के समय से ही कुछ समस्याएं चली आ रही हैं। इनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वेंटिलेशन व्यवस्था को बेहतर करने के साथ अन्य खामियों को भी दूर कराया जाएगा। विद्यार्थियों को परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। श्रीप्रकाश सिंह, कुलपति, मुरथल विश्वविद्यालय