सोनीपत। शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। 16 दिन से सफाई कार्य ठप है, जबकि दो दिन से कूड़ा उठान भी बंद होने के कारण शहर में करीब 700 टन कचरा जमा हो गया है। सड़कों, गलियों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़े के ढेर लगने से लोगों को दुर्गंध और संक्रमण के खतरे के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल को अब 24 अगस्त तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। हड़ताली कर्मचारियों ने शुक्रवार को अपनी मांगों को लेकर सेक्टर-14 स्थित विधायक कार्यालय और सेक्टर-15 स्थित सांसद आवास पर पहुंचकर ज्ञापन सौंपे। कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन से उनकी मांगों का जल्द समाधान करने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।