विधायक निखिल मदान व मेयर राजीव जैन ने रविवार को शहर की दो सड़काें के मरम्मत कार्य का नारियल फोड़कर शुभांभ किया। दोनों सड़कों की मरम्मत पर करीब एक करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इससे पहले क्षेत्रवासियों ने विधायक निखिल मदान व मेयर राजीव जैन का फूलमालाओं से स्वागत किया। विधायक निखिल मदान ने बताया कि वॉर्ड-6 के अंतर्गत आने वाले गांव फाजिलपुर से गढ़ शहजानपुर सड़क काे करीब 61 लाख रुपये की राशि से सीसी से पक्का किया जाएगा। उक्त सड़क के खस्ताहाल होने व बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति होने की उन्हें कई बार शिकायत मिल चुकी है। लोगाें की समस्या पर संज्ञान लेने के साथ अधिकारियों को जल्द खस्ताहाल सड़क को पक्का करवाने के निर्देश देकर टेंडर प्रक्रिया शुरू करवाई गई थी। विधायक निखिल मदान ने बताया कि गांव फाजिलपुर में स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य को भी जल्द पूरा करवाया जाएगा। मेयर राजीव जैन ने बताया कि वार्ड-12 के अंतर्गत आने वाले मॉडल टाउन क्षेत्र में मित्तल नर्सिंग होम से ओल्ड डीसी रोड तक सड़क को मास्टिक लेयर से पक्का किया जाएगा। इस कार्य पर करीब 36 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। सड़क के बारिश में खस्ताहाल होने से लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। मामला संज्ञान में आने के बाद निगम अधिकारियों को सड़क को पक्का करवाने के लिए टेंडर के निर्देश दिए थे। अब ठेकेदार को दोनों कार्यों को तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इनके अलावा शहरभर में कई खस्ताहाल सड़कों के पुनर्निर्माण व मरम्मत का कार्य जारी है। इस दौरान नगर निगम पार्षद लक्ष्मी नारायण तनेजा, प्रवीण सैनी, रामफल राणा, पूर्ण नंबरदार, रामरतन, श्रीनिवास, रोहित भारद्वाज, कुलदीप राणा, सतीश सलूजा, शशि, राधेश्याम सैनी, निझावन, गुरुदत्त खुशदिल, सन्नी चोपड़ा, जयपाल, हरीश कपूर, मदन दुआ, देवराज रामा शंकर, रजनीश, सचिन, राहुल, पवन तनेजा मौजूद रहे।