गोहाना में खरखौदा को शामिल करने की योजना के विरोध में खरखौदा संघर्ष समिति ने बुधवार को उपमंडल कार्यालय के गेट पर मास्टर महेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सांकेतिक धरना दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर को ज्ञापन दिया। धरनारत लोगों ने कहा कि सरकार की ओर से जवाब आने तक उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा। खरखौदा संघर्ष समिति के सदस्यों ने कहा कि खरखौदा को जब से भविष्य में जिला बनने वाले गोहाना में शामिल किए जाने की सुगबुगाहट शुरू हुई है, तभी से हलके के लोगों की ओर से इसका विरोध जताया जा रहा है। इसको लेकर कई बार पंचायत भी की जा चुकी हैं। धरनारत लोगों ने कहा कि खरखौदा क्षेत्र व आसपास के गांवों को सोनीपत जिले में ही रखा जाए, क्योंकि उनकी जन सुविधाएं व जनभावना सोनीपत से जुड़ी हुई हैं।