शहर की सुरक्षा व्यवस्था अब हाई-टेक हो गई है। नगर परिषद ने करीब 50 लाख रुपये से शहर के 26 पॉइंट पर 87 सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। शुक्रवार को इनका उद्घाटन पुलिस आयुक्त ममता सिंह किया। उनके साथ पुलिस उपायुक्त भारती डबास और नगर परिषद अध्यक्ष रजनी विरमानी सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। थाना सदर गोहाना में स्थापित कंट्रोल रूम से प्रशिक्षित पुलिसकर्मी 24 घंटे कड़ी नजर रखेंगे। पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा कि शहरवासियों की सुरक्षा नगर परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से अपराधियों की पहचान कर उन तक पहुंचना आसान हो जाएगा। कैमरों की मौजूदगी से असामाजिक तत्वों में डर पैदा होता है, जिससे अपराध नियंत्रण में मदद मिलती है। पहले भी कई गंभीर मामलों को सीसीटीवी फुटेज की सहायता से सुलझाया गया है। डीसीपी भारती डबास ने बताया कि कैमरे शहर के मुख्य बाजारों, चौराहों और प्रवेश-निकास मार्गों पर लगाए गए हैं। इससे हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा सकेगी, पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी और नागरिक अधिक सुरक्षित महसूस करेंगे। इसके अलावा इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने युवाओं से अपराध और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। उन्हें समाज, परिवार और राष्ट्र के लिए सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।