नई अनाज मंडी में गेहूं की भरपूर आवक के बीच उठान धीमा रहने से किसान और आढ़ती दोनों परेशान हैं। इसी समस्या को लेकर आढ़तियों ने डीसी नेहा सिंह से गुहार लगाई थी। शिकायत मिलने के बाद डीसी ने मंडी का औचक निरीक्षण किया और मौके पर हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने गेट पास से लेकर बायोमीट्रिक सिस्टम तक सभी व्यवस्थाएं चेक कीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और खरीद एजेंसियों से पूरी रिपोर्ट मांगी और साफ कहा कि लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी। डीसी नेहा सिंह ने बताया कि मंडी में आवक और उठान में काफी अंतर है। अभी तक केवल करीब 12 प्रतिशत ही उठान हो पाया है। उन्होंने कहा कि उठान के लिए 80 गाड़ियों की व्यवस्था की गई है। अगर इसमें किसी तरह की ढील पाई गई तो संबंधित एजेंसियों पर कार्रवाई होगी, पेनल्टी लगेगी और जरूरत पड़ी तो ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा। उन्होंने खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि जो गेहूं मंडी में आ चुका है, उसकी जल्द खरीद और उठान सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को परेशानी न हो।