जहां अधिकांश लोग शादी की सालगिरह को निजी समारोहों और पार्टियों के जरिए यादगार बनाते हैं, वहीं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका सुनीता ने अपनी शादी की 28वीं सालगिरह को समाज सेवा के नाम समर्पित कर प्रेरणादायी उदाहरण पेश किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदान शिविर का आयोजन किया, जिसमें लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंदों के लिए जीवन बचाने का संकल्प लिया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सोनीपत के मेयर राजीव जैन ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानवीय योगदान है। एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। शिक्षिका सुनीता ने कहा कि जीवन की खुशियों को समाज के साथ साझा करने का सबसे बेहतर तरीका सेवा कार्य हैं। इसी सोच के तहत वह अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ और अन्य विशेष अवसरों पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती हैं। उन्होंने कहा कि दूसरों की मदद से मिलने वाली दुआएं व्यक्ति के जीवन को सकारात्मक ऊर्जा से भर देती हैं। वह अब तक आठ शिविर लगा चुकी हैं।