शहर के राजकीय महिला महाविद्यालय गोहाना में 45वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में स्नातक और स्नातकोत्तर की लगभग 350 छात्राओं को डिग्री प्रदान की गई। ये उपाधियां भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय की ओर से जारी की गई थीं, जिन्हें महाविद्यालय में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के चेयरमैन डॉ. पवन शर्मा छात्राओं को प्रदान किया। उन्होंने छात्राओं को डिग्री प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि शिक्षा से ही जीवन में आगे बढ़ने का रास्ता खुलता है। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. मीनाक्षी सांगवान ने सभी डिग्री प्राप्त करने वाली छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छात्राएं मेहनत और ईमानदारी के साथ अपने जीवन पथ पर आगे बढ़ें और समाज में अच्छा नाम कमाएं। दीक्षांत समारोह के संयोजक प्रो. सतीश कुमार रहे। मुख्य अतिथि के स्वागत के लिए प्रो. शमशेर भंडेरी ने एनसीसी कैडेट्स का मार्गदर्शन किया। समारोह में कॉलेज स्टाफ और छात्राएं भी मौजूद रहीं।