दि रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन ने सोमवार को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष प्रकट किया। सभी ने विभागीय जांच के बगैर अज्ञात एजेंसी की रिपोर्ट के आधार पर पटवारियों को भ्रष्ट करार देने के अन्यायपूर्ण निर्णय का विरोध किया। प्रदर्शन के बाद एसोसिएशन ने राजस्व मंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। इधर, दिन भर विरोध स्वरूप पटवारियों ने काले रिबन व बैज बांधकर काम किया। एसोसिएशन का कहना है कि ज्ञापन भेजकर राजस्व मंत्री का ध्यान इस ओर आकर्षित करना है कि 16 जनवरी को बिना किसी विभागीय जांच अज्ञात एजेंसी की रिपोर्ट के आधार पर पटवारियों को भ्रष्ट करार दे दिया गया। यह न्यायसंगत नहीं है। यह प्राकृतिक व संवैधानिक सिद्धांतों का भी उल्लंघन है। इसलिए सभी ने इस पत्र को निरस्त घोषित कराने की अपील की है। यह एक प्रकार से मानसिक प्रताड़ना है। एसोसिएशन के अध्यक्ष जयवीर चहल को पूरा विश्वास है कि विभाग व विभागीय कर्मचारियों के मान-सम्मान की जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए आप इस पत्र को निरस्त करने के आदेश जारी करेंगे। जब तक इस विषय का समाधान नहीं होता, तब तक पटवारी व कानूनगो अपने मूल हल्के से अतिरिक्त हल्के का कार्य नहीं करेंगे।