जिले में मौसम ने करवट ली है। अल सुबह करीब चार बजे के बाद शुरू हुई तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है। मार्च के महीने में हुई इस असामयिक बारिश से तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले कुछ दिनों से जारी गर्मी से राहत मिली है लेकिन यह बारिश किसानों के लिए चिंता का सबब बन गई है। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह की बारिश के बाद अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से लुढ़ककर 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। हवाओं की गति तेज होने के कारण ठंडक महसूस की जा रही है। सुबह से ही बादल गरज के साथ रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते शहर की सड़कों पर जलजमाव भी देखा जा रहा है।