मॉडल टाउन पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ हुआ। जिला उपायुक्त सचिन गुप्ता ने विद्यार्थियों को माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने अभिभावकों को पीटीएम में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रवेश उत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह भविष्य की पहली सीढ़ी है। शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे समाज और देश का विकास हो सकता है। उन्होंने कहा कि पिछले स्तर में रही गलतियों को सुधार कर अगली कक्षा की तैयारी करें। उपायुक्त ने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मालिक, एफएलएन समन्वयक रुपांशी हुड्डा, जिला गणित विशेषज्ञ दीपक अरोड़ा, प्राचार्य मीता कंसल, शिक्षक, अभिभावक व बच्चे उपस्थित रहे। विद्यालय में नए सत्र के शुभारंभ पर पहली कक्षा से 12वीं कक्षा में प्रथम, द्वितीय, तृतीय प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।