अमर उजाला के मेरा गांव मेरी शान अभियान के तहत गांव में मंगलवार को किलाेई गांव में लगी चौपाल में ग्रामीणों ने अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों के सामने खुलकर अपना दर्द बयां किया। ग्रामीणों ने कहा कि विकास के दावों के बीच किलोई गांव बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है। गलियों और नालियों में गंदगी का अंबार है। जोहड़ों की सफाई नहीं हो रही और किसानों को खेत तक जाने के लिए कच्चे रास्तों से जूझना पड़ रहा है। इस दौरान ग्राम सचिव अमित कुमार व जिला पार्षद सतपाल हुड्डा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। किलोई खास व दोपाना पंचायतों के ग्रामीणों ने कहा कि गांव में समस्याओं का अंबार है। गांव की गलियों और नालियों की सफाई न होने से जगह-जगह गंदगी और बदबू के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। बरसात में हालात और बिगड़ जाते हैं।