हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने रेवाड़ी दौरे के दूसरे दिन जिला मुख्यालय स्थित वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र की बदहाल व्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और इसे बेहद चिंताजनक स्थिति बताया। चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने कहा कि वह पहले भी इस वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर चुकी हैं और उस समय केंद्र को मौजूदा स्थान से शिफ्ट करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। जिला प्रशासन की ओर से आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। निरीक्षण के दौरान चेयरपर्सन भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि यह सब देखकर आज मेरा मन आहत हो गया है। महिलाओं की सहायता और सुरक्षा के लिए बने इस केंद्र की हालत किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम को तुरंत प्रभाव से वन स्टॉप सेंटर को यहां से शिफ्ट करने के आदेश दिए। कहा कि पिछली बार की रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि वन स्टॉप सेंटर पर किसी भी महिला पुलिस कर्मी की तैनाती नहीं है। इस पर चेयरपर्सन ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे महिलाओं की सुरक्षा में गंभीर चूक बताया। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि शीघ्र महिला पुलिस मुलाजिम की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिल सके।