भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) की ओर से सोमवार को किसानों और मजदूरों की विभिन्न मांगों को लेकर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में जिले भर से बड़ी संख्या में किसान लघु सचिवालय के बाहर एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी समस्याएं उठाईं। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की योजनाओं का लाभ धरातल पर किसानों तक नहीं पहुंच पा रहा है। किसान नेताओं ने बताया कि मजदूर और किसानों की क्षतिपूर्ति के लिए जो पोर्टल खोला गया था, उसमें किसानों को बहुत ही कम राशि मिली है। इसके अलावा भावांतर योजना के तहत मिलने वाली राशि अभी तक किसानों के खातों में नहीं आई है। वहीं, फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमा कंपनियों द्वारा किया गया बीमा होने के बावजूद किसानों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है, जिससे किसानों में भारी रोष है।