जनगणना 2027 के अंतर्गत जनगणना प्रक्रिया को अधिक सुगम एवं तकनीकी रूप से उन्नत बनाने के उद्देश्य से स्व-गणना का विकल्प शुरू हो गया है। यह 30 अप्रैल तक जारी रहेगा। सोमवार को पानीपत जिला सचिवालय में डीसी डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने स्व-गणना करते हुए जिलावासियों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया। डीसी डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि जिलावासी 30 अप्रैल 2026 तक निर्धारित पोर्टल se.census. gov. in के माध्यम से स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करना जरूरी है। इससे समय की बचत के साथ प्रक्रिया में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि नागरिक स्व -गणना के लिए 16 भाषाओं में से अपनी पसंद की भाषा चुन सकते हैं। फार्म में 33 सवालों के जवाब देने होंगे। उन्होंने कहा कि यह सुविधा नागरिकों को डिजिटल माध्यम से अपने विवरण स्वयं दर्ज करने का अवसर देती है, जिससे जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सटीक और प्रभावी बनती है। डीसी ने कहा कि सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी आमजन के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी और इससे जनगणना अभियान की सफलता सुनिश्चित होगी। उन्होंने अपील की कि सभी कर्मचारी इस डिजिटल पहल में बढ़-चढक़र हिस्सा लें और समय रहते अपनी स्वयं-गणना पूर्ण करें, ताकि जिले में अधिकतम भागीदारी और सटीक आंकड़ों का संकलन हो सके।