पानीपत। श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता सेवा समिति के तत्वावधान में 28 जुलाई को सेक्टर-25 स्थित शाम बाग में भव्य गुरु पूर्णिमा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज श्रद्धालुओं को गीता का संदेश और आशीर्वाद प्रदान करेंगे। इसके साथ शिष्यों को नाम दान दिया जाएगा। उत्सव में पानीपत समेत पांच जिलों के करीब तीन हजार श्रद्धालु पहुंचने का अनुमान है। समिति की इसकी तैयारियों के लिए शनिवार को शाम बाग में विशेष बैठक आयोजित की गई। समिति के अध्यक्ष सुरेश अरोड़ा व मीडिया प्रभारी कंवर रविंद्र सैनी ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में 21 जुलाई से ही कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हो चुकी है। यह 29 जुलाई तक जारी रहेगी। हरियाणा के अलावा दिल्ली व अन्य राज्यों व शहरों में भी धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। अंकुश बंसल ने बताया कि 28 जुलाई को पानीपत में आयोजित मुख्य समारोह में पानीपत, करनाल, सोनीपत, जींद जिलों से लगभग तीन हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः छह बजे हवन से होगा। इसके पश्चात प्रातः आठ बजे स्वामी ज्ञानानंद महाराज का प्रवचन, आशीर्वाद समारोह व फिर नामदान का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अंत में विशाल भंडारे का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा वर्ष 1988 से निरंतर गुरु पर्व का आयोजन किया जा रहा है। भक्ति के साथ-साथ समिति समाजसेवा में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है। गुरु के आशीर्वाद से बरसत रोड पर एक डिस्पेंसरी का संचालन किया जा रहा है। यहा सप्ताह में दो दिन विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच कर निशुल्क दवा वितरित करते हैं। इस मौके पर चंद्रशेखर शर्मा, सुनील ग्रोवर, प्रीतम गुर्जर, विकास गोयल, विपिन सरदाना, विभू पालीवाल, राजू शर्मा, गुलशन चुघ, चमनलाल गुलाटी, पंकज वर्मा व अवनीश कुमार मौजूद रहे।