इंडियन नेशनल लोकदल के जिलाध्यक्ष कुलदीप राठी के भाई जयदीप राठी के लापता हुए छह दिन का समय बीत गया है। लेकिन अभी तक पुलिस उनका कोई सुराग नहीं लगा पाई। जिससे परिजनों ने अनहोनी की आशंका सताने लगी है। परिजनों ने थाना प्रभारी पर मामले में कार्रवाई न करने के आरोप लगाए हैं। कुलदीप राठी ने कहा कि उन्होंने संदिग्धों के नाम बता दिए। कुछ से पुलिस ने पूछताछ भी की, फिर भी पुलिस की जांच आग नहीं बढ़ रही है। अब उन्होंने शुक्रवार को गांजबड़ बस स्टैंड पर पंचायत करेंगे। जिसके आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। इनेलो जिलाध्यक्ष कुलदीप राठी ने बताया कि शनिवार को उनका भाई जयदीप राठी घर से सुबह नौ बजे अपने फार्महाउस पर जाने के लिए निकला था। इसके बाद से ही वह वापस नहीं आए। थाना सेक्टर-13-17 में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। परिजनों ने कुछ व्यक्तियों पर अपहरण करने का शह जाहिर किया था। इसके बाद से ही पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही है। लेकिन, जयदीप राठी का कोई सुराग नहीं लगा है। रविवार को पुलिस ने उनकी कार को पंजाब के डेराबस्सी स्थित टोल से बरामद की थी। जिसके बाद पानीपत से पंजाब तक पुलिस की टीम ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली थी। छह दिन बाद भी जयदीप राठी का सुराग नहीं लगने पर अब परिजनों में आक्रोश है। कुलदीप राठी ने थाना प्रभारी पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दो माह पहले उनके फार्म हाउस पर हमला हुआ था। उसका प्राथमिकी भी आज तक दर्ज नहीं हुई। अब उनके भाई का अपहरण हो गया। जिनके नाम बताए उनमें से कुछ से पुलिस ने पूछताछ भी की। इसके बावजूद भी पुलिस की जांच आगे नहीं बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को वह अपने गांव गांजबड़ के बस स्टैंड पर एकत्र होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं और सभी राजनीति दलों व सामाजिक संगठनों से भी पहुंचने की अपील की है। उनका कहना है कि इस मामले में गांजबड़ में पंचायत की जाएगी। पंचायत में ही तय होगा की इस मामले में अब आगे की क्या रणनीति रहेगी।