रामगढ़ क्षेत्र में एक युवक से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पंचकूला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एसपीओ जयवीर सिंह को नौकरी से बर्खास्त कर दिया। डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल प्रभाव से बर्खास्तगी के आदेश जारी किए। पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध युवक के क्षेत्र में घूमने की सूचना दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां युवक नशे की हालत में मिला। इसी दौरान एसपीओ जयवीर सिंह ने उसके साथ मारपीट की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, दुर्व्यवहार और शक्ति के दुरुपयोग के लिए कोई स्थान नहीं है। पुलिस का दायित्व आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पुलिसकर्मी द्वारा निर्धारित आचरण का उल्लंघन किए जाने पर भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस आमजन के विश्वास और विभागीय जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।