पलवल राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता में जिले के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण (गोल्ड) और तीन कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता शुक्रवार को अम्बाला के स्टेडियम में आयोजित की गई थी, जिसमें जिले के कुल 26 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों को हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई। योग प्रशिक्षकों व जिला आयुष विभाग ने भी इन बच्चों की मेहनत व अनुशासन की सराहना की। जिला स्तर पर भी इन विजेता खिलाड़ियों का स्वागत करने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि यह सफलता जिले में योग के बढ़ते प्रभाव और प्रतिभाओं के सही मार्गदर्शन का परिणाम है।