जिले में पिछले एक सप्ताह से पड़ रही तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बीच मंगलवार शाम हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि जिले में अभी भी अच्छी बारिश का इंतजार बना हुआ है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान मानसून गतिविधियों में तेजी आने और अच्छी वर्षा होने की संभावना जताई है। मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कनीना में सबसे अधिक 7.5 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा अटेली में 5.5 मिमी, नारनौल में 4.0 मिमी, नांगल चौधरी में 2.5 मिमी, महेंद्रगढ़ में 2.0 मिमी और सतनाली में 2.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। नारनौल में अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि इस वर्ष मानसून का पैटर्न सामान्य वर्षों से अलग बना हुआ है। इसी कारण व्यापक स्तर पर लगातार बारिश की परिस्थितियां नहीं बन पा रही हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से अगले तीन दिनों तक मानसून गतिविधियां सक्रिय रहेंगी। इसके चलते 8 से 10 जुलाई के बीच जिले और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की प्रबल संभावना है। मौसम में इस बदलाव से किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि धान, बाजरा और अन्य खरीफ फसलों के लिए अच्छी बारिश बेहद जरूरी मानी जाती है।