शहर के प्रमुख और सबसे बड़े नेताजी सुभाष पार्क के अंदर देख-रेख के अभाव में इन दिनों जलभराव की समस्या बनी हुई है। पार्क में लगाए गए नल से कई-कई घंटों तक लगातार पानी बहने के कारण जहां पार्क में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं प्रतिदिन हजारों लीटर पानी व्यर्थ बहकर रहा है। सर्दी के मौसम में पानी के तेजी से न सूखने के कारण स्थिति और अधिक विकट हो गई है। पार्क में चोर गुंबद के पीछे हु़ड्डा सेक्टर की तरफ बोरिंग कर नल लगाए गए थे, जिनका उद्देश्य घास एवं पौधों को सिंचाई करना था। परंतु नलकूपों से लगातार पानी बहता रहने के कारण पार्क में दूर-दूर तक जलभराव हो रहा है। इससे पार्क में लगे झूले व खेल उपकरण उपयोग के लायक नहीं रह गए हैं। बच्चे झूलों पर न तो बैठ पा रहे हैं और न ही खेल पा रहे हैं। पानी के जमा हो जाने से आसपास की जमीन दल-दल का रूप लेती जा रही है, जिससे फिसलने एवं चोट लगने का खतरा भी बढ़ गया है।