राजकीय कन्या महाविद्यालय उन्हाणी में सात दिवसीय सेवा योजना शिविर के समापन पर एक दिवसीय एथलैटिक मीट का आयोजन किया गया। विभिन्न स्पर्धाओं में सराहनीय प्रदर्शन के आधार पर बीए द्वितीय वर्ष की ईशा श्रेष्ठ एथलीट घोषित किया गया। वहीं सात दिवसीय विशेष शिविर में तनीषा, बिंदु, अंजली और निधि को श्रेष्ठ स्वयंसेविका चुना गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह ने खिलाड़ियों एवं स्वयं सेविकाओं को सम्मानित किया। खेल स्पर्धाओं की 1500 मीटर दौड़ में ईशा विजेता, निधि उप विजेता तथा खुशबू तृतीय रहीं। 800 मीटर दौड़ में निधि प्रथम, निकिता द्वितीय तथा उमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर और 100 मीटर दौड़ में क्रमशः ईशा और मौसम ने प्रथम स्थान हासिल किया। डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और शॉटपुट में मीनाक्षी और ईशा का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। लंबी और ऊंची कूद में भी ईशा ने बाजी मारी। समारोह में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राव बहादुर सिंह पूर्व विधायक ने कहा कि शिक्षा और खेल छात्राओं को आत्मनिर्भर, सशक्त और आत्मविश्वासी बनाते हैं। खेल केवल शरीर को ही मजबूत नहीं बनाते, बल्कि अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और सकारात्मक सोच जैसे गुणों का भी विकास करते हैं। आज की बेटियां शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में यह सिद्ध कर रही हैं कि वे किसी से कम नहीं हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विक्रम यादव ने कहा कि महाविद्यालय छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. नीतू कुमारी, प्रो. सीमा कुमारी तथा खेल प्रभारी प्रो. सुषमा यादव ने किया। एथलेटिक मीट का आयोजन डॉ. सत्यजीत यादव के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।