गांव मुकुन्दपुरा के वार्ड नंबर-5 में पिछले करीब दो महीनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इस संबंध में प्रशासन को शिकायत देकर जल्द समाधान की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को पहले भी टोल फ्री नंबर पर शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार पानी की पाइपलाइन में कई स्थानों पर लीकेज होने के कारण आपूर्ति बाधित है। साथ ही लाइन की ऊंचाई सही नहीं होने से पानी पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पा रहा। लोगों ने बताया कि मजबूरी में उन्हें पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पाइपलाइन की तुरंत मरम्मत कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।