गांव खटोटी कला के युवा नीतीश कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग 2025 की परीक्षा में दिव्यांग श्रेणी में 847वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर संतोष मेमोरियल दिव्यांगजन एवं पुनर्वास केंद्र, हुडा सेक्टर नारनौल की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया। केंद्र की तरफ से गांव खटोटी कला में सीबीआर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संस्था के प्राचार्य डॉ. आरएन यादव, अनीता, श्वेता, अनु, शर्मिष्ठा, शिक्षकगण, ट्रेनीज, विशेष बच्चे और गांव के सेवानिवृत्त प्राचार्य अमरजीत सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संस्था की टीम ने नीतीश कुमार से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। नीतीश कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी अधिकांश पढ़ाई घर से ही की और पिछले पांच वर्षों से लगातार कड़ी मेहनत के साथ यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने नियमित रूप से श्रीमद्भागवत गीता का अध्ययन कर मानसिक शक्ति और सकारात्मक सोच प्राप्त की। इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन मुकेश गुप्ता और चेयरपर्सन कुसुम गुप्ता ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। संस्था की ओर से नीतीश कुमार, उनके माता-पिता, गांव के सरपंच श्रद्धानंद और परिवार के अन्य सदस्यों को स्मृति-चिन्ह, श्रीमद्भागवत गीता और बच्चों की बनाई पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया गया।