नगर पालिका की ओर से शनिवार को शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इसमें नगर पालिका सचिव गौरव कुमार और नायब तहसीलदार एकता यादव व सफाई दारोगा अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से बाजार का निरीक्षण किया। बता दें कि सुबह साढ़े 12 बजे टीम फील्ड में उतरी और बरामदों की जांच की। नगर पालिका के पास कांप्लेक्स में कुछ दुकानदारों की ओर से बरामदे के दरवाजे पर तार लगाकर कपड़े व अन्य सामान लटकाया गया था। सचिव गौरव कुमार ने दुकानदारों को तार काटने और दोबारा सामान यहां पर न लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद एक किराना स्टोर पर टीम पहुंची। यहां पर दुकानदार ने काउंटर बाहर लगाया हुआ था और कुछ सामान भी डिस्प्ले किया हुआ था। सचिव के सामान अंदर करने की बात पर दुकानदार भड़क गया और सामान बाहर रखने को एसडीएम की अनुमति बताया। साथ ही तर्क दिया कि एसडीएम की ओर से बरामदे में डेढ़ फीट तक सामान रखने की अनुमति दी गई है। अगर सामान अंदर रखेंगे तो ग्राहक कैसे आएंगे। इस बात पर दोनों पक्षों में काफी नोकझोंक हुई। हालांकि दुकानदार की ओर से अन्य दुकानदारों को उकसाने की कोशिश की गई, लेकिन किसी भी दुकानदार ने साथ नहीं दिया और बाद में नायब तहसीलदार एकता यादव ने दुकानदार को समझाया और सामान बाहर न लगाने के लिए कहा। कांप्लेक्स में टीम ने सभी दुकानदारों को बाहर सामान न रखने और तार आदि पर सामान न लटकाने के निर्देश दिए। इसी तरह टीम ने कांप्लेक्स की गलियों में तीन राउंड लिए और बालाजी चौक, आंबेडकर चौक से होते हुए टीम सब्जी मंडी रोड पर पहुंची। यहां पर भी स्थिति कुल मिलाकर ठीक रही। बाद में परशुराम चौक तक टीम ने निरीक्षण किया और सब्जी मंडी में भी राउंड लेकर टीम वापस लौट गई।