प्रदेश भर में 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित होने जा रहे राज्यस्तरीय हर घर तिरंगा और वंदे मातरम अभियान का भव्य शुभारंभ इस बार ऐतिहासिक नगरी नारनौल से होने जा रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 9 अगस्त को नारनौल शहर में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय समारोह से इस महाअभियान का आगाज करेंगे। इसके साथ ही पूरा हरियाणा देशभक्ति के रंगों से सराबोर होगा। यह जानकारी उपायुक्त अनुपमा अंजली ने शुक्रवार को हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के साथ इसी विषय पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई समीक्षा बैठक के बाद दी। वीसी के बाद उपायुक्त ने जिला अधिकारियों की बैठक ली और मुख्य सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप मुख्यमंत्री के आगमन और अभियान की सफलता को लेकर अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। इस देशव्यापी अभियान में जिला मुख्यालय से लेकर ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर बाइक, साइकिल और ई-बाइक रैलियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें एनसीसी, एनएसएस, खेल विभाग, आरडब्ल्यूए और स्वयंसेवी संस्थाओं के युवाओं की भागीदारी रहेगी। इसके साथ ही जिले के प्रमुख सरकारी भवनों, चौराहों और पार्कों को तिरंगे की रोशनी से चमकाया जाएगा तथा वंदे मातरम थीम पर भव्य रंगोली सजाई जाएगी। उन्होंने बताया कि आमजन की सहभागिता बढ़ाने के लिए विशेष सेल्फी पॉइंट्स भी स्थापित किए जा रहे हैं, जहां लोग तिरंगे के साथ फोटो खींचकर ''हर घर तिरंगा'' पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि नागरिक सफेद रंग की टी-शर्ट पहनकर इस कार्यक्रम में आएं ताकि एकरूपता दिखाई दे। उपायुक्त ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, सुचारू ट्रैफिक प्रबंधन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी आयोजनों में राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पूर्ण पालन अनिवार्य रहेगा।