महेंद्रगढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा होमगार्ड ऑफिस, नारनौल स्थित ट्रेनिंग सेंटर में तैनात क्लर्क राकेश को दो हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में महेंद्रगढ़ सदर थाने में कार्यरत सहयोगी सतीश को भी पकड़ा गया है। आरोप है कि आरोपी क्लर्क राकेश ने शिकायतकर्ता से कुल छह हजार रुपये की मांग की थी, जिसमें से पहले चार हजार रुपये ले चुका था। शेष दो हजार रुपये लेते समय एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई एसीबी गुरुग्राम की टीम ने की। शिकायतकर्ता महेंद्रगढ़ के गांव कुरहावटा निवासी अशोक कुमार ने आरोप लगाया कि क्लर्क राकेश होमगार्ड में ड्यूटी लगाने और अनुकूल तैनाती के नाम पर लगातार रिश्वत वसूल रहा था। पैसे न देने पर ड्यूटी न लगाने या दूरदराज क्षेत्रों में तैनाती की धमकी दी जाती थी। एसीबी ने जाल बिछाकर राकेश को नारनौल से पकड़ा, जबकि एक अन्य वॉलंटियर को महेंद्रगढ़ से गिरफ्तार किया गया है, जिस पर रिश्वत की रकम एकत्र करने का आरोप है। एसीबी दोनों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क में अन्य लोगों व संभावित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई के बाद होमगार्ड विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।