एनआईटी कुरुक्षेत्र में पिछले दिनों बने तनावपूर्ण माहौल के बाद संस्थान को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया था। 17 अप्रैल को छात्रों से छात्रावास खाली करवा लिए गए थे, जिसके बाद से पूरा कैंपस सूना पड़ा हुआ था। अब संस्थान प्रशासन की ओर से 9 मई को छात्रों को दोबारा छात्रावासों में लौटने के निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों के बाद रविवार को करीब 50 से 70 छात्र विभिन्न छात्रावासों में पहुंचे। छात्रों की आवाजाही शुरू होने से लंबे समय से विरान पड़े संस्थान में एक बार फिर रौनक लौटने लगी है। छात्र अपने सामान के साथ हॉस्टलों में पहुंचे और कमरों की व्यवस्था में जुटे दिखाई दिए। संस्थान परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी पहले की तुलना में बढ़ाई गई है। प्रशासन की ओर से छात्रों को शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की गई है। वहीं छात्रों के लौटने से कैंपस में धीरे-धीरे शैक्षणिक गतिविधियां भी सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।