कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का उद्देश्य देश-विदेश में गीता के मूल्यों को पहुंचाना है। प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में गीता मूल्यों को आत्मसात करना चाहिए। इससे आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होगी तथा कर्म करने की शक्ति प्रदान होती है। यह आह्वान राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने किया। वे वीरवार शाम को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के शिल्प व सरस मेले के उद्घाटन पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 18 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में सहभागी प्रदेश उड़ीसा तथा सहभागी देश तंजानिया की संस्कृति भी झलक भी देखने को मिलेगी। सरस और शिल्प मेले का उद्घाटन राज्यपाल ने गीता पूजन व रिबन खोलकर किया। उन्होंने उद्घाटन से पूर्व ब्रह्मसरोवर के चारों और सजी दुकानों का अवलोकन किया तथा शिल्पकारों से जानकारी भी ली। विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति राज्यपाल के समक्ष दी, जहां ढोल-नगाड़ों के साथ महोत्सव का आगाज किया गया। इसी के साथ मीडिया सेंटर का भी उद्घाटन किया, जहां उन्होंने पत्रकार वार्ता की।