शहर के दीदार नगर क्षेत्र में डायरिया के मामलों ने अचानक चिंता बढ़ा दी है। गली नंबर चार, पांच और छह में अब तक 21 से अधिक लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। मरीजों में उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसे लक्षण सामने आए हैं। हालांकि मंगलवार को कोई नया मामला दर्ज नहीं हुआ, जिससे प्रशासन को थोड़ी राहत जरूर मिली है। वहीं स्वास्थ्य विभाग को अब इन गलियों के साथ-साथ अन्य आस-पास के क्षेत्रों में सर्वेक्षण करने के दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के सर्वेक्षण कर्मियों की ड्यूटी जनगणना में लगाई गई है। ऐसे में अब स्वास्थ्य विभाग सिर्फ दो एनएमए व एक चिकित्सक के सहारे पूरे दीदार नगर का सर्वेक्षण कर रहा है। जिला सर्वेक्षण अधिकारी डाॅ. प्रदीप ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के पास 29 अप्रैल को इन मामलों की सूचना ऑनलाइन रिपोर्टिंग सिस्टम के माध्यम से मिली थी, जिसके बाद जिला स्तर पर कार्रवाई करते हुए रैपिड रिस्पांस टीम को मौके पर भेजा गया। जांच के दौरान सामने आया कि क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन में लीकेज के कारण सीवर का दूषित पानी सप्लाई में मिल रहा है, जो इस बीमारी के फैलने का मुख्य कारण माना जा रहा है।