शिवरात्रि पर धर्मनगरी पूरी तरह से शिवमयी हो गई है। चारों ओर बम-बम भोले व हर-हर महादेव के जयकारे गूंज रहे हैं। शिवालयों में शिवभक्तों की भीड़ जलाभिषेक व पूजा अर्चना के लिए सुबह से ही उमड़ी हुई हैं। श्रद्धालु विधिविधान से भगवान शिव, मां पार्वती की पूजा-अर्चना कर देवादिदेव महादेव का आशीर्वाद ले रहे हैं। शिवरात्रि पर्व के चलते मंदिरों को खास तौर पर सजाया हुआ है तो व्याप्क तैयारियां भी गई है। धार्मिक व सामाजिक संस्थाएं भी अनेक कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। कहीं हवन यज्ञ व अन्य अनुष्ठान किए जा रहे हैं तो कहीं भंडारे लगाए जा रहे हैं। शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए अलसुबह से ही मंदिरों में लंबी-लंबी कतारें लगी है। हरिद्वार, गंगोत्री व गोमुख से कांवड़ लेकर पहुंचे कांवड़ियों व श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध से शिवलिंग पर जलाभिषेक कर रहे हैं। इसके बाद बेलपत्र, धतूरा, फल-फूल व मिठाई अर्पित कर मन्नतें मांगी जा रही है। शहर के स्थाणेश्वर महादेव मंदिर, दुखभंजन महादेव मंदिर, कालेश्वर महादेव मंदिर व पिहोवा के अरूणाय स्थित शिवालय में खास तौर पर भीड़ उमड़ी हुई है।