बिजली निगम की मनमानी और लापरवाह कार्यशैली एक बार फिर सामने आई है। जनसुनवाई के दौरान जब विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने अपनी समस्याएं विधायक जगमोहन आनंद के सामने रखीं तो कई चौंकाने वाले मामले सामने आए। खासकर रामनगर से आए एक युवक की शिकायत ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। युवक ने विधायक जगमोहन आनंद को बताया कि रामनगर की गली के बीचों-बीच एक ट्रांसफार्मर लगा हुआ है, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। इसे हटवाने के लिए पहले भी विधायक से गुहार लगाई गई थी। विधायक के निर्देश पर जब विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो ट्रांसफार्मर हटाने की बजाय वहीं दूसरा ट्रांसफार्मर और लगा दिया गया। अब हालत यह है कि गली में दो-दो ट्रांसफार्मर खड़े हैं और दोनों ही खतरे का कारण बने हुए हैं। युवक ने कहा कि जेई साहब ने तो गड़बड़ ही कर दी, अब आप ही इसे ठीक कराइए। इस पर विधायक जगमोहन आनंद ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों ट्रांसफार्मर तुरंत हटवाए जाएं और मामले की रिपोर्ट उन्हें सौंपी जाए। रामनगर से ही एक और शिकायत सामने आई, जिसमें लोगों ने बताया कि बिजली के पोल से केबलें झूल रही हैं। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस पर विधायक ने साफ कहा कि यदि किसी भी तरह की लापरवाही सामने आई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।