करनाल केंद्रीय ऊर्जा, आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल गुरुवार को करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज सभागार में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के जिलास्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमने वायदा किया था कि लाडो लक्ष्मी योजना को लाएंगे, हमने आज यह करके दिखा दिया है। आज इस योजना का एप्लीकेशन लॉन्च किया गया है, अक्तूबर तक जो माताएं व बहनें इसमें अपना रजिस्ट्रेशन कर लेंगी, एक नवंबर, 2025 से पात्र महिलाओं के खाते में 2100 रुपये आने शुरू हो जाएंगे। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनके चरणों में नमन किया। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय महान चिंतक, समाज सुधार और अंत्योदय के प्रणेता थे। आज हम उनकी जयंती मना रहे हैं। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस से 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती तक हर साल सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इन महान विभूतियों ने हमेशा देश व समाज की चिंता की। इस सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।