एक समय था जब शादी या किसी भी शुभ अवसर पर शगुन का लिफाफा देना संस्कार, सम्मान और अपनापन दर्शाता था। लिफाफे के भीतर रखी रकम से ज्यादा उसकी भावना मायने रखती थी। लेकिन वक्त के साथ-साथ शगुन देने का यह पारंपरिक तरीका भी बदलता चला गया। आज शादियों और बड़े आयोजनों में शगुन का लिफाफा लगभग गायब होता नजर आ रहा है और उसकी जगह नए नोटों व डॉलर से बने आकर्षक बुके ने ले ली है। शादी समारोहों में अब मेहमान दुल्हा-दुल्हन को सादे लिफाफे की बजाय नोटों और डॉलर का बुके भेंट करना अपनी शान और स्टेटस मानने लगे हैं। ये बुके न केवल दिखने में अच्छे होते हैं, बल्कि मंच पर फोटो और वीडियो के दौरान खास आकर्षण का केंद्र भी बन जाते हैं। नोट और डॉलर के बुके की बढ़ी मांग सेक्टर 13 के लवली डेक्कोरेट संचालक सलीम खान बताते है कि पहले जहां दुकानों पर केवल शगुन के लिफाफे और साधारण पैकिंग मिलती थी, वहीं अब डिजाइनर नोट बुके, डॉलर बुके और थीम के अनुसार तैयार किए गए शगुन गिफ्ट उपलब्ध हैं। शादियों के सीजन में इन बुके की मांग तेजी से बढ़ जाती है और लोग अपनी हैसियत के अनुसार इन्हें खास तौर पर तैयार करवाते है। समाज में बढ़ती दिखावे की प्रवृत्ति और सोशल मीडिया का असर भी इस बदलाव की बड़ी वजह माना जा रहा है। लोग चाहते हैं कि उनका दिया गया शगुन अलग दिखे और समारोह में चर्चा का विषय बने। यही कारण है कि पारंपरिक लिफाफे की जगह अब भव्य और चमकदार नोटों के बुके लोगों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं। 2100 रुपए से शुरू और लाखों में सलीम खान का कहा है कि 2100 रुपए से ये नोटो फूलों वाला बुके तैयार हो जाता है, और ये लाखों रुपए तक है। वहीं जिनकें परिजन, भाई, दोस्त, बहनें विदेश से आते है वह कई कई सौ डॉलर के बुके बनवाते है। वहीं आजकल नोटो और डॉलर की जयमाला की भी मांग बढ़ी है।