हरियाणा सरकार प्रदेश के युवाओं के साथ धोखा कर रही है। 35 प्रतिशत क्राइटेरिया की आड़ में योग्य अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित करने की सरकार और एचएसपीसी द्वारा साजिश रची जा रही है। मुख्यमंत्री मूकदर्शक बने हुए हैं। सरकार द्वारा पारदर्शिता, निष्पक्षता, ईमानदारी का ढ़ोल पीट रहा जा रहा है। दूसरे राज्यों के युवाओं को हरियाणा में नौकरियां दी जा रही हैं जो सरासर गलत है। ये आरोप शनिवार को हरियाणा युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने लगाए। कांग्रेस के ये नेता शनिवार को अभ्यर्थियों के साथ मंगलसेन सभागार में पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) द्वारा आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर और अन्य परीक्षाओं के परिणाम को लेकर यूथ कांग्रेस और अभ्यर्थियों में सरकार के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिली। हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रभारी सत्यवान गहलोत, सह प्रभारी मीमांसा आर्य, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सोमिल संधू, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरभि शर्मा, प्रदेश महासचिव आर्यन चौधरी, दिनेश पोशवाल, प्रदेश सचिव प्रदीप व मीडिया विभाग के प्रदेश वाइस चेयरमैन मुकेश चौधरी, जितेंद्र नरवाल रादौर विधानसभा अध्यक्ष, पंकज शर्मा तमन, सूरज घरौंदा अध्यक्ष ने मंगलसेन सभागार में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने चेतावनी दी है कि अभ्यर्थियों की मांगों की सुनवाई नहीं की गई तो वे सीएम आवास का घेराव करेंगे।