साई (भारतीय खेल प्राधिकरण) और फिट इंडिया की ओर से 20 मार्च से 22 मार्च तक फिट इंडिया कार्निवल का आयोजन किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय समावेशी फिटनेस उत्सव का आयोजन कर्ण स्टेडियम में किया जा रहा है। भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस उत्सव में योग, ज़ुम्बा, मल्लखंब जैसे पारंपरिक खेलों के साथ-साथ फिटनेस कार्यशालाएं, स्वास्थ्य संबंधी प्रदर्शनियां और एथलीट के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। फिट इंडिया प्रतिनिधि साधना शर्मा ने बताया कि इस बार कार्निवल वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग जनों जैसे कम गतिशीलता वाले लोगों के लिए पूरी तरह से सुलभ होगा। फिट इंडिया ने सुलभता संगठनों के समन्वय से कार्निवल को समावेशी और सभी के लिए सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, योग का अभ्यास और इंटरैक्टिव वार्ता सत्र होंगे, जहां एथलीट और फिटनेस लीडर स्वास्थ्य, अनुशासन और मानसिक कल्याण पर अपने विचार साझा करेंगे, जिससे उत्साह और भी बढ़ेगा। साथ में अलग-अलग खेल, फिटनेस स्टेशन और गतिविधि स्टॉल का भी आनंद ले सकेंगे, जिन्हें सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए व्यायाम को आकर्षक और सुलभ बनाने के लिए डिजाइन किया गया है। उन्होंने बताया कि स्कूल और कॉलेज के छात्र, एथलीट, युवा, विभिन्न क्षेत्रों के कर्मचारी और सभी क्षेत्रों से जुड़ी महिलाएं भी इस रोमांचक कार्यक्रम में शामिल हो सकती है, जिसमें एक किड्स जोन भी होगा। प्रतिदिन लोकप्रिय संगीत बैंड की ओर से रोमांचक संगीत कार्यक्रम भी होंगे। यह हमारे परिवारों, हमारे समुदायों और विशेष रूप से हमारे युवाओं को फिटनेस का ड़ोज आधा घंटा रोज की भावना के अनुरूप, प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा शारीरिक गतिविधि के लिए समर्पित करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए किया जा रहा है। साथ में कार्निवल में फिटनेस गतिविधियों, स्वास्थ्य कार्यशालाओं, खेल, संवाद सत्रों और सामुदायिक भागीदारी की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की जाएगी, जिसका उद्देश्य लोगों को फिटनेस को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।