नरवाना में सीआईए स्टाफ ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की नौ बाइक बरामद की हैं। आरोपियों की पहचान सिन्सर निवासी जोगिंदर उर्फ काला और करनाल जिले के बाहरी क्षेत्र निवासी अमन के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के दिशा-निर्देशन तथा डीएसपी नरवाना कमलदीप राणा के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता हासिल हुई। सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि एएसआई शमशेर सिंह के नेतृत्व में टीम नरवाना क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि दोनों आरोपी चोरी की बाइक पर नरवाना की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर दोनों को चोरी की मोटरसाइकिल सहित काबू कर लिया। जांच में सामने आया कि जिस बाइक पर आरोपी सवार थे, वह भी नरवाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की नौ वारदातों का खुलासा किया। इसके बाद सीआईए टीम ने आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी कर आठ अन्य चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर लीं। दोनों आरोपियों को थाना शहर नरवाना में दर्ज मुकदमा नंबर 81, दिनांक 30 अप्रैल 2026, धारा 303 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।