मोहनगढ़-खटकड़ टी प्वायंट पर शुक्रवार को कार बचाने के चक्कर में रोडवेज बस खेतों में पलट गई। हादसे में 12 यात्रियों को मामूली चोटें आई, जिन्हें प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई है। उचाना थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुक्रवार को मांडी से रोडवेज की बस 55 यात्री लेकर लोकल रूट से जींद आ रही थी। जब बस मोहनगढ़-खटकड़ टी प्वायंट पर पहुंची तो अचानक सामने से कार आ गई। टक्कर से बचने के लिए बस चालक ने ब्रेक लगाए तो बस सड़क किनारे खेत में पलट गई, जिसके बाद पीछे से आ रहे दूसरे वाहन सवार लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस तथा एंबुलेंस को दी। इन्होंने घायल यात्रियों को नागरिक अस्पताल पहुचा। घायल यात्रियों मे मुख्य रूप से गांव छात्तर निवासी सुरेंद्र, कमलेश, माया, शिवानी, भौंसला निवासी नीलम, शिवानी, कहसून निवासी शीला समेत 12 यात्रियों को हल्की चोटें आई। उनमें से कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे गई थी। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। बस के चालक अमरजीत तथा परिचालक कुलदीप ने बताया कि बस अपने सीधे रूट पर आ रही थी। गांव खटकड़ की तरफ से कार अचानक टी प्वायंट पर आ गई। यदि टक्कर होती तो बडा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया था। मामले की जांच की जा रही है। -दिलबाग सिंह, प्रभारी, पुलिस थाना उचाना।