ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा के आह्वान पर दूसरे दिन भी हड़ताल जारी रही। कर्मचारियों ने जिला उपाध्यक्ष मनफूल खरेंटी की अध्यक्षता और सचिव पवन कुमार के संचालन में लघु सचिवालय पर धरना दिया। इस दौरान सफाई कर्मियों ने लघु सचिवालय से नागरिक अस्पताल तक बर्तन बजाकर प्रदर्शन किया। राज्य अध्यक्ष बसाऊ राम ने कहा कि 19 वर्षों से ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का शोषण हो रहा है। उन्होंने मांग की कि कर्मचारियों को पक्का किया जाए, उच्च न्यायालय के आदेश लागू हों, 400 की आबादी पर एक कर्मचारी की भर्ती हो और घोषित 26,000 व 27,000 रुपये वेतन लागू किया जाए। सीटू जिला अध्यक्ष रमेश चंद्र ने बताया कि सरकार घोषणाओं को लागू नहीं कर रही है और ग्रामीण सफाई कर्मियों के 9,700 पद खाली पड़े हैं। यूनियन के जिला प्रधान गुलाब बिरौली ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में कोई स्थाई भर्ती नहीं हुई है। आज राज्य कमेटी की ऑनलाइन बैठक में इस हड़ताल को 20 मई तक बढ़ाने और मंत्रियों व मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर मंदीप नेहरा, राजकुमार श्योकंद ,वेदप्रकाश अलेवा और कर्मचारी मौजूद रहे।