जींद जिले में पारस गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। हालात यह हैं कि लोगों को गैस सिलिंडर लेने के लिए सुबह साढ़े चार बजे ही हुडा ग्राउंड में लंबी लाइन लगानी पड़ रही है। इसके बावजूद उन्हें समय पर सिलिंडर मिल जाए, इसकी कोई गारंटी नहीं है। स्थिति यह है कि जहां एक ओर पारस गैस एजेंसी पर भारी भीड़ उमड़ रही है, वहीं दूसरी गैस एजेंसियों पर ऐसी भीड़ देखने को नहीं मिल रही। इससे साफ है कि समस्या विशेष रूप से इसी एजेंसी से जुड़े उपभोक्ताओं को झेलनी पड़ रही है। उपभोक्ताओं सतबीर, नगूरां निवासी मनोज, गढवाली निवासी जगदीश का कहना है कि सिलिंडरों की सप्लाई समय पर नहीं पहुंचती। इससे पूरे दिन इंतजार करना पड़ता है। सोमवार को भी सिलिंडरों से भरी गाड़ी करीब तीन बजे पहुंची। इससे सुबह से लाइन में लगे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी की ओर से न तो कोई पूर्व सूचना दी जाती है और न ही कोई नोटिस चस्पा किया जाता है, जिससे उन्हें समय की जानकारी मिल सके। प्रशासन भी व्यवस्था बनाने में नाकाम नजर आ रहा है। भीड़ और संभावित सड़क जाम की स्थिति को देखते हुए पुलिस की ड्यूटी जरूर लगाई जा रही है, लेकिन इससे समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो पा रहा। लोगों का कहना है कि यदि गैस सिलिंडरों की सप्लाई समय पर पहुंचे और उचित प्रबंधन किया जाए, तो उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिलेभर में कुल 24 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। सभी एलपीजी कंपनियों के माध्यम से नियमित आपूर्ति बनी हुई है और उपभोक्ताओं को बुकिंग के निर्धारित समय के भीतर रिफिल उपलब्ध करवाई जा रही है। जिला कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका नंबर 01681-245375 है। जिसमें लिपिक राममेहर दूरभाष नंबर 8529852002 को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अजय कुमार एएफएसओ दूरभाष नंबर 8708858401 को जींद तथा जुलाना के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उचाना तथा नरवाना के लिए राकेश कुमार एएफएसओ दूरभाष नंबर 9812530262 को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सफीदों तथा पिल्लूखेड़ा के लिए एएफएसओ 8708673767 को तथा निरीक्षण खाद्य एवं पूर्ति सुरेन्द्र सिंह दूरभाष नंबर 9996755395 को अलेवा खंड के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। -राजेश आर्य, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक जींद