हांसी रोड स्थित बीड़ बड़ा वन के पास वीरवार को टायरों से भरे एक कंटेनर में आग लग गई। आग लगने से इलाके में हडकंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कंटेनर को भारी नुकसान पहुंच चुका था। वीरवार को हांसी रोड स्थित बड़ा बीड़ वन के पास वीरवार को टायर से भरा कंटेनर गुजर रहा था। इस दौरान अचानक कंटेनर में धुंआ उठने लगा। चालक कंटेनर से बाहर निकलने में कामयाब हो गया। देखते ही देखते कंटेनर में आग लग गई। आग की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग तथा दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू नहीं पाया गया, तब तक आसपास के क्षेत्र में हडकंप की स्थिति बनी रही। लोगों का कहना था कि यदि जल्द ही आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। कंटेनर से लगी आग बुझने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली।