बहादुरगढ़ शहर के छोटूराम नगर इलाके में बीती रात एक अवैध पीवीसी कबाड़ गोदाम में भीषण आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। आग की चपेट में आकर झुग्गी में सो रहा एक प्रवासी युवक जिंदा जल गया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गोंडा निवासी शिवबाबू के रूप में हुई है, जो करीब ढाई महीने पहले काम की तलाश में यहां आया था। बताया जा रहा है कि करीब एक एकड़ में फैले पीवीसी कबाड़ के ढेर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने कबाड़, मशीनों और आसपास बनी झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर ऑफिसर दीपांशु के अनुसार आग इतनी तेज थी कि झुग्गी में सो रहा युवक बाहर नहीं निकल सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है और परिजनों के बयान के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।