बेरी सब डिवीजन के गांव धांधलान में सरपंच पद को लेकर रविवार को हुए उप चुनाव में ग्रामीणों ने धांधलान की चौधर विजय कुमार को सौंप दी। विजय कुमार ने 345 वोटों से अभिषेक को हरा दिया। गांव धांधलान में रविवार को सरपंच पद के लिए 74.37 प्रतिशत वोटिंग के साथ शांतिपूर्ण मतदान हुआ। करीब एक साल पहले गांव धांधलान के सरपंच कृष्ण कुमार का निधन हो गया था। इसी वजह से रविवार को गांव में उप चुनाव हुआ। चुनाव में तीन प्रत्याशी विजय कुमार, अभिषेक और आदर्श सरपंच पद के मैदान में थे। रविवार को सुबह मतदान के दौरान उम्मीदवारों की धड़कनें बढ़ी हुई थी। प्रात: आठ बजे गांव धांधलान के स्कूल में वोटिंग शुरू हुई। डीघल चौकी इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि गांव धांधलान में उप चुनाव के लिए तीन बूथ बनाए गए थे। सभी चुनाव बूथों पर पुलिस बल मौजूद था और सरपंच पद का उप चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। एसडीएम रेणुका नांदल और एसीपी अनिल कुमार ने मतदान केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रशासन की तरफ से मतदान केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। 2017 ग्रामीणों ने डाले वोट बता दे कि गांव धांधलान में कुल मतदाता 2712 है, जिसमें 2017 मतदाताओं ने मतदान किया। तीन बूथों पर शाम 6 बजे तक शांतिपूर्वक ढंग से मतदान संपन्न हुआ। इसके बाद गिनती शुरू हुई। विजय कुमार को 1171 वोट मिली जबकि दूसरे उम्मीदवार अभिषेक को 826 वोट प्राप्त हुए। विजय कुमार 345 वोटों से विजय हासिल की। तीसरे उम्मीदवार को मात्र 10 वोट ही मिले। इसमें एक बूथ पर एक, दूसरे बूथ पर तीन और तीसरे बूथ पर 6 मत ही मिल सके।