यादव यादव धर्मशाला से धौड़ चौक तक सीसी सड़क का निर्माण कार्य जारी है, लेकिन निर्माण का काम काफी धीमी गति से चल रहा है। इसके चलते स्थानीय दुकानदारों का व्यवसाय ठप्प हो गया है, क्योंकि रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है। लगभग दो माह से निर्माण कार्य जारी है, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हो सका है। दुकानदारों की मांग है कि रोड का निर्माण तेज किया जाए। वहीं यादव धर्मशाला से लेकर अगले चौक तक निर्माण का काम पूरा हुए लगभग 15 दिन हो चुके हैं। उसके बावजूद रोड को चालू नहीं किया गया है। यही नहीं फुटपाथ से सभी ईंटें निकालकर रोड पर रखी गई है। सुभाष, विकास, हरीश का कहना है कि जब रोड का निर्माण पूरा हो चुका है और पानी की तराई भी कई दिनों से हो चुकी है। उसके बावजूद अब तक रोड खोला नहीं गया है। इसके अलावा फुटपाथ से निकाली गई ईंटें भी सड़क पर दुकानों के सामने रख दी गई हैं। वहीं पुराना बर्फखाना रोड पर भी काम काफी धीमी गति से चल रहा है। दुकानदारों का कहना है कि इस रोड पर कई जगह पर ढलान बनी हुई है। इसलिए यहां पर नीचे पहले पत्थर डाला जाना चाहिए, लेकिन ठेकेदार ऐसा नहीं कर रहा है। उसे कहा भी गया है। यदि पत्थर नहीं डाला गया तो बारिश के दिनों में पानी निकासी सही प्रकार से नहीं होगी और फिर से पानी जमा हो जाएगा। इससे सड़क बनाने का औचित्य ही खत्म हो जाएगा। दुकानदारों ने मांग की कि ढलान वाले एरिया में पत्थर डलवाए जाएं। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के जेई सतीश कुमार ने बताया कि सड़क का निर्माण बेहतर तरीके से किया जा रहा है। जहां पर ढलान है, वहां पत्थर डाला जाएगा, क्योंकि रोड की पैमाइश उसी प्रकार से की गई है।