बहादुरगढ़ के वॉर्ड-14 के अंतर्गत आने वाले शास्त्रीनगर और सेक्टर-9 क्षेत्र में बरसाती पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान इलाके में जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे सड़कों पर गंदा पानी जमा हो जाता है और लोगों का आवागमन भी प्रभावित होता है। इस संबंध में पूर्व पार्षद जसबीर सैनी ने कहा कि फिलहाल सेक्टर-9 की ओर खाली जगह होने के कारण बरसाती पानी वहां चला जाता है, लेकिन भविष्य में जब उस क्षेत्र में मकान बन जाएंगे तो जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है। उन्होंने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए शास्त्रीनगर-F2 से लेकर सेक्टर-9 की ओर एक नाले का निर्माण किया जाना जरूरी है, जिसे बालौर मोड़ स्थित मेन नजफगढ़ रोड के नाले से जोड़ा जाए। सैनी ने कहा कि इससे शास्त्रीनगर और सेक्टर-9 क्षेत्र का बरसाती पानी और सीवर ओवरफ्लो का गंदा पानी सीधे नाले में गिरकर कॉलोनी से बाहर निकल सकेगा। उन्होंने बताया कि अपने पार्षद कार्यकाल के दौरान भी उन्होंने इस नाले के निर्माण के लिए प्रयास किए थे, लेकिन वह योजना पूरी नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि अब जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलकर इस नाले के निर्माण की मांग रखी जाएगी, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत मिल सके।